राजनांदगांव। नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जमातपारा निवासी एक आदतन अपराधी को सवा किलो गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि शीतला मंदिर रोड, नेहरू पार्क के सामने एक युवक संदिग्ध अवस्था में थैला लेकर खड़ा है और गांजा बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी महावीर यादव उर्फ टोबू यादव (27 वर्ष) को धर दबोचा।
11 हजार का गांजा बरामद
आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद एक पीले रंग के थैले से 1.100 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। जप्त गांजे की बाजार मूल्य में अनुमानित कीमत लगभग 11,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मादक पदार्थ को जप्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 193/2026, धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
आर्म्स एक्ट और मारपीट के 6 मामले पहले से दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी महावीर यादव एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध बसंतपुर थाने में साल 2017 से अब तक कुल 6 गंभीर मामले दर्ज हैं। इसमें चोरी, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने सहित आर्म्स एक्ट के दो और एनडीपीएस एक्ट का एक पुराना मामला भी शामिल है।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन व एएसपी कीर्तन राठौर एवं सीएसपी श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध शराब, गांजा और अन्य असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी एमन साहू, सउनि मनमोहन साहू, गोवर्धन देशमुख, महिला प्रधान आरक्षक सीमा जैन, आरक्षक रूपेन्द्र वर्मा, अतहर अली, कुश बघेल, राजेश बंदेश्वर और महिला आरक्षक राजश्री मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

