राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के संग्रहण और विक्रय के खिलाफ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जितेन्द्र यादव के निर्देश पर आबकारी विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने डोंगरगांव क्षेत्र के ग्राम आरी में छापेमारी कर भारी मात्रा में दूसरे राज्यों की अवैध मदिरा जब्त की है। मामले में आरोपी के विरुद्ध गैरजमानती धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
मकान में छिपाई थी महाराष्ट्र और एमपी की शराब
प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार को ग्राम आरी में प्रदीप राजपूत के मकान की तलाशी ली गई। गवाहों की मौजूदगी में की गई इस विधिवत कार्रवाई के दौरान मकान से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। इसमें महाराष्ट्र निर्मित 76 नग देशी मदिरा (संत्रा) और मध्य प्रदेश निर्मित 27 नग विदेशी मदिरा व्हिस्की शामिल है। जब्त शराब की कुल मात्रा 11.700 बल्क लीटर बताई गई है।
आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
दूसरे राज्यों की शराब का अवैध रूप से भंडारण करने पर आरोपी प्रदीप राजपूत के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह अपराध गैरजमानतीय श्रेणी का है, जिसके चलते आरोपी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस टीम को मिली सफलता
अवैध शराब पकड़ने की इस कार्रवाई का नेतृत्व आबकारी उपनिरीक्षक तुलेश्वरी देवांगन ने किया। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार वर्मा, मुख्य आरक्षक मिलाप मंडावी, किशोरी कोमरे और दीपक सिन्हा शामिल थे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

