राजनांदगांव। महतारी वंदन योजना के सुचारू संचालन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिले में हितग्राहियों का नि:शुल्क ई-केवाईसी सत्यापन कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अब तक जिले की 1 लाख 61 हजार 376 महिलाओं ने अपना सत्यापन कार्य पूर्ण करा लिया है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 67 प्रतिशत है। शेष हितग्राहियों के लिए प्रशासन ने 30 जुलाई तक की समय-सीमा निर्धारित की है।
खातों में राशि का अंतरण नहीं होगा बाधित
जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) श्रीमती गुरूप्रीत कौर ने बताया कि ई-केवाईसी सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान भी पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में योजना की राशि का अंतरण पूर्ववत जारी रहेगा। सत्यापन कार्य केवल रिकॉर्ड को अपडेट करने और प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने के लिए किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी तकनीकी बाधा से बचा जा सके।
आंगनबाड़ी और पंचायतों में हो रहा सत्यापन
योजना के तहत जिले में कुल 2 लाख 40 हजार 996 हितग्राहियों के सत्यापन का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और वार्ड कार्यालयों में विशेष व्यवस्था की गई है। सत्यापन कार्य के सफल संचालन के लिए बड़ी संख्या में वीएलई (ऑपरेटर्स) की नियुक्ति की गई है। जिन क्षेत्रों में ऑपरेटर नहीं हैं, वहां भी चरणबद्ध तरीके से नियुक्तियां की जा रही हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को असुविधा न हो।
30 जुलाई है अंतिम तिथि
अधिकारियों ने अपील की है कि जिन हितग्राहियों का ई-केवाईसी अब भी लंबित है, वे 30 जुलाई के भीतर अपने नजदीकी शिविर स्थल पर पहुंचकर प्रक्रिया पूर्ण करा लें। वर्तमान में 79 हजार 620 हितग्राहियों का सत्यापन शेष है, जिसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हितग्राही अपनी सुविधानुसार शिविरों में पहुंचकर इस नि:शुल्क सेवा का लाभ उठा सकते हैं।

