राज्योत्सव के दूसरे दिन बिखरी सांस्कृतिक छटा, स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने किया मनमोहक प्रदर्शन

अपने दोस्तों को शेयर करें :

मोहला। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ और रजत जयंती वर्ष के अवसर पर मिनी स्टेडियम मोहला में आयोजित द्वितीय दिवस जिला स्तरीय राज्योत्सव में सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों ने माहौल उत्सवमय कर दिया।

लाल श्याम शाह अंग्रेजी माध्यम स्कूल के विद्यार्थियों ने थीम आधारित प्रस्तुति के जरिए राज्य के गौरवशाली इतिहास और विकास को प्रदर्शित किया। मिडिल स्कूल गोटाटोला के छात्रों ने उत्साहपूर्ण नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, जबकि लाल चक्रधर शाह महाविद्यालय अंबागढ़ चौकी ने पारंपरिक लोक नृत्यों से छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक पेश की।

एकलव्य विद्यालय मोहला के छात्रों ने आधुनिकता और परंपरा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कुल्हारदोह की अमर ज्योति नाचा पार्टी की प्रस्तुति “छत्तीसगढ़ ला कहिथे भैया धान के कटोरा” ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नाचा-गम्मत शैली में कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की मिट्टी, खेती और मेहनतकश किसानों का जीवन जीवंत कर दिया। इसके अलावा जीवन ज्योति छत्तीसगढ़ी नाचा पार्टी जिर्राटोला, नवीन लाल श्याम शाह महाविद्यालय मोहला, डीएनटी पब्लिक स्कूल मोहला, सरस्वती शिशु मंदिर मोहला और लोक कलाकार त्रिवेणी जुरेशिया जिर्राटोला की प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

कार्यक्रम में आमजन के लिए क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पौधा देकर सम्मानित किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी समेत समस्त विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की जानकारी भी दी गई
कार्यक्रम में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य ने उपस्थित लोगों को मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे, जिसे निर्धारित समय में जमा किया जाएगा।

इस दौरान पात्र नागरिक अपने नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार या नया नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से इस प्रक्रिया का वीडियो प्रसारित कर लोगों को जागरूक किया गया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!