राजनांदगांव। नगर निगम ने शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जय स्तम्भ चौक क्षेत्र में निगम की टीम ने 11 दुकानों और ठेले-खोमचों पर छापा मारकर 2 किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन जप्त की और 1,600 रुपये का जुर्माना लगाया।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ मानव और पशु पक्षियों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है। टीम दुकानदारों को पहले समझाईस देती है, लेकिन इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाती है।
इस अभियान में फल दुकान, ठेला और गन्ना रस विक्रेताओं को नोटिस देकर प्लास्टिक के डिस्पोजेबल ग्लास और पॉलिथीन का उपयोग न करने के लिए चेतावनी दी गई। साथ ही सभी व्यापारियों को डस्टबिन का उपयोग करने और कचरा फैलाने से बचने की भी समझाईस दी गई।
आयुक्त ने व्यापारियों से अपील की है कि अपने प्रतिष्ठानों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखें और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें। नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि स्वच्छता अपनाएं और घर से बाहर जाते समय अपने साथ कपड़े के थैले लेकर निकलें, साथ ही दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। निगम का यह अभियान प्रतिदिन जारी रहेगा।

