राजनांदगांव। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को देखते हुए नगर निगम ने सफाई व्यवस्था में ढील न देने के निर्देश दिए हैं। महापौर और आयुक्त स्वयं वार्डों का निरीक्षण कर सफाई में सुधार के उपाय दे रहे हैं।
इस क्रम में भाग्य लक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह और कृष्णा महिला स्व सहायता समूह को सफाई कार्य रोकने पर नोटिस जारी किया गया है। आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि भाग्य लक्ष्मी महिला समूह को वार्ड नं. 32, 33, 35, 39, 40, 42 और 44 में सफाई का जिम्मा था, जबकि कृष्णा महिला समूह वार्ड नं. 7, 16, 17 और 18 में कार्यरत थी। दोनों समूहों द्वारा सफाई कार्य बंद करने से वार्डों की सफाई प्रभावित हुई।
आयुक्त ने नोटिस में 24 घंटे के अंदर जवाब देने का निर्देश दिया है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो संबंधित महिला समूह के अनुबंध को तत्काल समाप्त कर काली सूची में अंकित किया जाएगा।
निगम का यह कदम सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर का अच्छा प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

