राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने शासकीय कार्यों में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के मामले में राजस्व निरीक्षक मंडल खैरझिटी, श्री अवधराम ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कार्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजनांदगांव की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि निरीक्षक ठाकुर ने अपने क्षेत्र के सीमांकन प्रकरणों को लंबे समय तक बिना प्रगति के लंबित रखा।
जनसामान्य की शिकायत मिलने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत उन्हें निलंबित किया गया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा, राजनांदगांव नियत किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में शासकीय कार्यों में जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

