दुर्गा विसर्जन के लिए नगर निगम की व्यापक तैयारी : मोहारा विसर्जन कुंड की सफाई जारी, अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन पर्व को देखते हुए नगर निगम राजनांदगांव द्वारा मूलभूत सुविधाओं सहित व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मोहारा स्थित विसर्जन कुंड की सफाई का काम तेजी से कराया जा रहा है।

आयुक्त श्री मरकाम ने सभी दुर्गा उत्सव समितियों से अपील की है कि वे मां दुर्गा, काली एवं सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन केवल मोहारा स्थित विसर्जन कुंड में ही करें। शहर के पारंपरिक तालाबों को प्रदूषण से बचाने के लिए अन्य तालाबों में विसर्जन न करने का आग्रह किया गया है।

नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त
निगम आयुक्त ने बताया कि विसर्जन पर्व पर सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके (मो. 98271-18810) को नोडल अधिकारी तथा प्रभारी कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम (मो. 83197-29288) को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे (मो. 79993-94145) और दोनों कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने प्रभारित वार्डों के विसर्जन मार्गों में पेचवर्क, डस्ट फिलिंग आदि मरम्मत कार्य कराने का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा सभी सहायक अभियंताओं और उप अभियंताओं को भी अलग-अलग व्यवस्थाओं का प्रभार दिया गया है।

19 और 20 अक्टूबर को विसर्जन, क्रेन और प्रकाश के पुख्ता इंतजाम
आयुक्त ने बताया कि 19 और 20 अक्टूबर को होने वाले दुर्गा विसर्जन के लिए मोहारा नदी स्थित विसर्जन कुंड में पर्याप्त रोशनी और बड़ी प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था की जा रही है।

विसर्जन के बाद निकलने वाले वेस्ट मटेरियल, पूजा सामग्री, फूल, कपड़े, प्लास्टिक व पेपर को सुरक्षित एकत्र कर रीसाइक्लिंग और कंपोस्टिंग के लिए भेजा जाएगा।

प्रतिमाओं को ले जाने वाहनों का रहेगा प्रबंध
रानी सागर, सर्किट हाउस के पास और नंदई चौक में बड़ी मूर्तियों को विसर्जन स्थल तक ले जाने के लिए विशेष वाहनों का प्रबंध किया जा रहा है।

रानी सागर व सर्किट हाउस क्षेत्र: कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे प्रभारी अधिकारी तथा प्रभारी सहायक अभियंता श्रीमती गरिमा वर्मा (मो. 97705-19619) सहायक के रूप में व्यवस्था संभालेंगी।

नंदई चौक क्षेत्र: उप अभियंता तिलक राज ध्रुव (मो. 99070-02411) शहर से आने वाली विसर्जन प्रतिमाओं को वाहनों के माध्यम से मोहारा भिजवाने का प्रभार संभालेंगे।

रोशनी, पेयजल, आवारा मवेशी और सफाई व्यवस्था
प्रकाश व्यवस्था: शहर के सभी प्रमुख मार्गों, दुर्गा पंडाल मार्गों और मोहारा रोड में विद्युत व्यवस्था का दायित्व प्र. कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम और प्र. सहायक अभियंता सुश्री सुषमा साहू (मो. 78285-23391) को सौंपा गया है।

पेयजल व कंट्रोल रूम: मोटर प्रतिपालन सुरेंद्र साव (मो. 94255-64327) टैंकरों से पेयजल आपूर्ति और कंट्रोल रूम का प्रभार संभालेंगे।

आवारा पशु धरपकड़: सहायक राजस्व निरीक्षक रमेश बघेल (मो. 98271-53120) को यातायात सुगम बनाने और विसर्जन मार्ग से आवारा पशुओं को पकड़ने का जिम्मा मिला है।

विशेष स्वच्छता: प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा (मो. 79996-98498) अपनी टीम के साथ पूरे शहर और विसर्जन कुंड के आसपास विशेष सफाई अभियान संचालित करेंगे।

निगम आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक और मुस्तैदी से निर्वहन करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!