राजनांदगांव। जिले में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों के विरुद्ध कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की गई है। मंगलवार को राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम माहुलझोपड़ी में दबिश देकर एक अवैध ईंट भट्टे को सील किया। इस दौरान टीम ने मौके से करीब 4.80 लाख ईंटों सहित भारी मात्रा में जलाऊ लकड़ी और मिट्टी जब्त की है।
दस्तावेज नहीं दिखा पाया संचालक
कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि ग्राम माहुलझोपड़ी में दुर्गा बाई की भूमि पर दाऊ लाल द्वारा बड़े पैमाने पर ईंट निर्माण का कार्य किया जा रहा था। जब अधिकारियों ने ईंट भट्टा संचालन से संबंधित वैध अनुमति और रॉयल्टी दस्तावेजों की मांग की, तो संचालक कोई भी पुख्ता कागज पेश नहीं कर सका। बिना अनुमति के हो रहे इस कार्य को अवैध मानते हुए प्रशासन ने तत्काल जब्ती की कार्रवाई शुरू की।
भारी मात्रा में सामग्री बरामद
संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से संग्रहित और निर्मित निम्नलिखित सामग्री को अपने कब्जे में लिया:
पक्की ईंटें: लगभग 3 लाख 20 हजार।
कच्ची ईंटें: लगभग 1 लाख 60 हजार।
जलाऊ लकड़ी: 6 ट्रॉली।
मिट्टी: 70 ट्रॉली।
वन विभाग और पंचायत को सौंपी गई सामग्री
नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए जब्त की गई 6 ट्रॉली लकड़ी को सुरक्षार्थ वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, कच्ची-पक्की ईंटों और मिट्टी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई तक के लिए ग्राम पंचायत गिरगांव की अभिरक्षा में सौंपा गया है। इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार चिराग रामटेके, रेंज ऑफिसर आकाश ठाकुर सहित दोनों विभागों के मैदानी अमले की सक्रिय भूमिका रही।
इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध ईंट निर्माण करने वालों के बीच हड़कंप का माहौल है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की आकस्मिक जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

