राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की सुचारू व्यवस्था और राशन की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य विभाग सघन जांच अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में छुरिया विकासखंड के ग्राम पाण्डेटोला में मां शीतला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में गंभीर अनियमितता सामने आई।
खाद्य विभाग की टीम ने जनपद सदस्य, पंच और ग्राम पटेल की उपस्थिति में दुकान का औचक निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि दुकान के विक्रेता वीरेन्द्र साहू ने फरवरी 2026 का 28 कट्टा चावल अवैध रूप से टीकेश्वर साहू के घर में छिपाकर रखा था। नियमों का उल्लंघन करते हुए 4 कट्टा चावल का वितरण भी वहीं से किया गया।
भौतिक सत्यापन के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में अंतर सामने आया। रिकॉर्ड में 30 किलो चावल, 39 किलो शक्कर और 20 किलो नमक शेष दिख रहा था, जबकि मौके पर मिलान करने पर विसंगति पाई गई। इसके अलावा विक्रेता स्टॉक का डीओ जांच दल को प्रस्तुत नहीं कर सका।
पंचों की उपस्थिति में टीकेश्वर साहू के घर से शेष 24 कट्टा (11.70 क्विंटल) चावल को जप्त किया गया।
खाद्य विभाग ने बताया कि इस गंभीर अनियमितता और राशन हेराफेरी के मामले में संबंधितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

