ऑनलाइन ठगी में 85 लाख रुपये वापस, राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने एक बड़ी साइबर ठगी प्रकरण में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए प्रार्थी विपिन कुमार गोस्वामी को ₹85,00,031/- रुपये लौटाए। यह जिले में साइबर फ्रॉड मामलों में पहली बार इतनी बड़ी राशि की वापसी है।

प्रार्थी विपिन कुमार ने थाना डोंगरगांव में आवेदन देकर बताया कि “पॉलीस फाइनेंस लिमिटेड” नामक ऑनलाइन निवेश प्लेटफॉर्म के माध्यम से उसे अधिक लाभ का लालच देकर ₹1,14,52,000/- रुपये जमा कराए गए, जो बाद में ठगी हो गए।

पुलिस की कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में डोंगरगांव थाने और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की गहन जांच की। टीम ने लगभग 397 बैंक खातों को होल्ड कराया, तकनीकी विश्लेषण किया और आरोपी की पतासाजी के लिए मुंबई तक अभियान चलाया।

इसके परिणामस्वरूप कुल ₹1,03,20,000/- रुपये में से ₹85,00,031/- रुपये को अदालत के आदेश से प्रार्थी के खाते में वापस कराया गया। प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का धन्यवाद किया।

इस कार्रवाई में DSP अलेक्जेंडर किरो, प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार, निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, निरीक्षक विनय पम्मार, निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर और साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नागरिकों से अपील:
राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि टेलीग्राम, इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया लिंक/एप के माध्यम से आने वाले निवेश ऑफर पर विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में दें।

अपने दोस्तों को शेयर करें :