राजनांदगांव। नगर निगम ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर राजस्व वसूली में कड़ाई बरतते हुए भैसा कोठा व्यवसायिक परिसर की 10 दुकानों को सील कर दिया। ये कार्रवाई दुकानों के बकाया प्रीमियम और किराये का भुगतान न करने के कारण की गई है। निगम द्वारा दुकानदारों को बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद यदि वे दुकानों को रिक्त नहीं करते, तो सीलबंदी की कार्रवाई की गई।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में राजस्व वसूली को लेकर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। आयुक्त ने बताया कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति के इस समय में लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के लिए बकायादारों को नोटिस जारी की जा रही है और कार्रवाई की जा रही है।
राजस्व अधिकारी श्री राजेश तिवारी के नेतृत्व में निगम के अधिकारियों ने भैसा कोठा व्यवसायिक परिसर में स्थित 17 दुकानों में से 10 दुकानों की विधिवत नीलामी की थी। नीलामी के बाद, सक्षम प्राधिकारी द्वारा दुकानों की स्वीकृति शासन को भेजी गई थी, लेकिन कलेक्टर द्वारा दी गई स्वीकृति को निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद भी दुकानदारों ने दुकानों को खाली नहीं किया, जिसके चलते निगम द्वारा सीलबंदी की कार्रवाई की गई।
निगम द्वारा बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और सम्पत्तिकर, जलकर, और समेकितकर के बड़े बकायादारों को नोटिस जारी कर नल कनेक्शन काटने की तैयारी की जा रही है।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि शासन के निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध सत प्रतिशत राजस्व वसूली किया जाना है और इसके लिए सभी करदाताओं से अपील की जा रही है कि वे समय पर अपने बकाया कर और किराये का भुगतान करें, ताकि उन्हें निगम की कार्यवाही से बचा जा सके।
इस कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक श्री हितेश ठाकुर, राजस्व उप निरीक्षक श्री रविंद्र ठाकुर, राजस्व अधिकारी श्री राज कुमार बंजारे और निगम का पूरा राजस्व अमला उपस्थित था।

