नगर निगम का मवेशी धर-पकड़ अभियान, 6 मवेशी पकड़े गए

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर निगम ने शहर में बढ़ती दुर्घटनाओं और यातायात बाधित होने के चलते मवेशी धर-पकड़ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत निगम की टीम शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर निरंतर निरीक्षण कर रही है और शिकायतों के आधार पर घुमन्तु एवं खुले में बैठे मवेशियों को पकड़ने की कार्यवाही कर रही है।

आज की कार्यवाही में लखोली चौक, नंदई चौक, इंदिरा नगर चौक, गंज मंडी के सामने और फरहद चौक से 6 मवेशियों को पकड़ा गया। इन मवेशियों को रेवाडीह कांजी हाउस में रखा गया है। बताया गया है कि कई पशु मालिक अपने मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं, जिससे मवेशी चौक चौराहों और सड़कों पर घू्मते रहते हैं, जिससे यातायात में रुकावट आती है और दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है, जो न केवल आम नागरिकों के लिए बल्कि मवेशियों के लिए भी खतरे का कारण बनता है।

नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यवाही दुर्घटनाओं को रोकने और शहरवासियों की सुरक्षा के लिए की जा रही है। उन्होंने पशु मालिकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुला छोड़ने की बजाय उन्हें बांध कर रखें, ताकि सड़क पर कोई दुर्घटना न हो।

पकड़े गए मवेशियों को कांजी हाउस में सुरक्षित रखा गया है, जहां उन्हें पौष्टिक आहार के रूप में पैरा, कुट्टी और बचे हुए फल-सब्जियां दी जाती हैं। यदि मवेशी मालिक अपने मवेशी को छुड़वाना चाहते हैं तो उन्हें 570-570 रुपये जुर्माना अदा करना होता है। इसके अलावा, बीमार मवेशियों का इलाज गौशाला पिंजरा पोल में किया जाता है।

आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस में रखा जाता है और पशु मालिकों से जुर्माना वसूलने के बाद ही उन्हें मवेशी सौंपे जाते हैं। इसके अलावा, कांजी हाउस में रखे मवेशियों की नीलामी भी की जाती है।

नगर निगम के इस अभियान को शहरवासियों द्वारा सराहा जा रहा है, और यह उम्मीद जताई जा रही है कि मवेशी मालिक अपने पशुओं को खुले में छोड़ने से बचेंगे, जिससे सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :