राजनांदगांव। जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ जनमन पत्रिका और जी राम जी का डिजिटल लाईब्रेरी राजनांदगांव में तथा शासकीय कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय में नि:शुल्क वितरित किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ओमकार लाल श्रीवास्तव ने कहा कि जनमन पत्रिका शासन की योजनाओं का अच्छा संकलन है और युवाओं व जनमानस के लिए अत्यंत उपयोगी है।
महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. जय सिंह साहू और डॉ. कृष्ण कुमार द्विवेदी ने भी पत्रिका और ब्रोसर की प्रशंसा की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने जनमन पत्रिका पढ़कर खुशी जाहिर की। छात्र श्री मुकेन्द्र कुमार ने बताया कि वे एसआई एवं व्यावसायिक परीक्षा की तैयारी के लिए नियमित रूप से डिजिटल लाईब्रेरी का उपयोग करते हैं और जनमन पत्रिका उनकी तैयारी में बेहद सहायक साबित हो रही है।
डिजिटल लाईब्रेरी में अध्ययन करने आए श्री सौरभ सम्राट ने बताया कि पत्रिका में नई शिक्षा नीति, खनिज संपदा, औद्योगिक नीति और विकसित छत्तीसगढ़ परिकल्पना की जानकारी शामिल है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। वहीं महाविद्यालय की छात्राओं ने भी पत्रिका पढ़कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
जनमन पत्रिका में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना, 70 लाख महिलाओं को प्रति माह 1 हजार रूपए मिलने की जानकारी, छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पर्यटन, खेल, औद्योगिक विकास, डिजिटल प्रशासन, कुटीर उद्योग, खनिज संपदा, धार्मिक स्थल और शासन की विभिन्न योजनाओं का संकलन दिया गया है।
इसके साथ ही जी राम जी ब्रोसर में 125 दिनों के रोजगार की नई गारंटी सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी शामिल है। राज्य शासन द्वारा यह पत्रिका और ब्रोसर नि:शुल्क वितरित किए जा रहे हैं, ताकि जनता और विद्यार्थियों को सटीक और प्रमाणिक जानकारी मिल सके।

