राजनांदगांव। भाजपा किसान नेता अशोक चौधरी ने कहा है कि इस वर्ष अवैध धान पकड़ने के लिए प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। इस काम में किसानों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि कई समाचार पत्रों में इस अभियान को लेकर यह आशंका जताई जा रही है कि धान खरीदी कम करने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है, जो सही नहीं है।
अशोक चौधरी ने कहा कि प्रशासन अपना काम पूरी मुस्तैदी से कर रहा है, ऐसे में इसकी सराहना होनी चाहिए। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि यह जानकारी जुटाई जाए कि पकड़ा गया धान किसी वैध किसान का है या अवैध व्यापारियों का। यदि यह अवैध धान है, तो कार्रवाई की प्रशंसा होनी चाहिए।
किसान नेता ने बताया कि अवैध धान बेचने वाले वास्तविक किसानों का हक मारते हैं और दूसरे राज्यों से धान लाकर छत्तीसगढ़ में बेचने से सरकार को भी नुकसान होता है। यह समस्या खासकर राजनांदगांव जैसे सीमावर्ती जिलों के लिए चिंता का विषय है।
अशोक चौधरी ने किसानों से अपील की कि अवैध धान के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़वाने में शासन की मदद करें, ताकि वास्तविक किसानों का हक सुरक्षित रह सके।

