डोंगरगढ़ पुलिस ने रात्रि में निकाली विशेष कांबिंग गश्त, अपराधियों पर कसा शिकंजा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ पुलिस ने अपराध नियंत्रण और असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए बीती रात एक विशेष कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकित शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित हुआ।
गश्त का आयोजन रात 10.30 बजे से लेकर सुबह 2.00 बजे तक विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में किया गया। पुलिस टीम ने कश्मीरी, दंतेश्वरी, बोधीपारा, बुधवारीपारा, कालकापारा और अछोली जैसे इलाके में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 18 गुंडा-बदमाश, वारंटी आरोपियों, गांजा तस्करों और शराब तस्करों की गतिविधियों की गहनता से जांच की और संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस ने मोहल्लों और संवेदनशील मार्गों पर घर-घर दस्तक देकर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी एकत्र की और अपराधियों से जुड़े अहम इनपुट प्राप्त किए। इस अभियान में कुल 50 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक, एसडीओपी आशीष कुंजाम, थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष जायसवाल, चिचोला चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल और पुलिस लाइन से निरीक्षक उपेंद्र शाह प्रमुख थे।
पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति बनाए रखने और अपराधों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से की गई। पुलिस अधिकारियों ने इस अभियान को लेकर बताया कि डोंगरगढ़ क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी, ताकि समाज में कानून व्यवस्था कायम रहे और लोग सुरक्षित महसूस करें।
यह अभियान डोंगरगढ़ पुलिस की अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, और इसके जरिए पुलिस ने यह संदेश दिया है कि वे किसी भी अपराधी को नहीं छोड़ेंगे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!