➡️ गृह ग्राम सारंगपुर में विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष हुए शामिल
राजनांदगांव।
छत्तीसगढ़ शासन के केश शिल्पी बोर्ड के सदस्य देवशरण सेन अपने गृह ग्राम सारंगपुर में आयोजित गोवर्धन पूजा एवं मातर मंडई के पारंपरिक आयोजन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। गांव में पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ग्रामीणों ने गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर ग्राम सारंगपुर में आयोजित मातर मंडई में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरे आयोजन में ग्रामीण संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे की झलक देखने को मिली। महिला एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। गांव के लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया। इस अवसर पर केश शिल्पी बोर्ड के सदस्य देवशरण सेन ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति, गौमाता और अन्नदाता के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। वहीं मातर मंडई जैसे पारंपरिक आयोजन हमारी ग्रामीण संस्कृति और सामाजिक एकजुटता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि गांवों की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक आयोजनों को सहेजकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम भी बनते हैं। कार्यक्रम में ओमप्रकाश यादव, राजू यादव, पूर्व जनपद सदस्य शिवराम सिन्हा, पूर्व शासकीय अधिवक्ता धन्नूलाल सेन, ग्राम पटेल राधेलाल वर्मा, बंशीलाल सेन, लछनू यादव, लतमार यादव, रामगुलाल यादव, राजकुमार यादव, रबिलाल यादव, रामलाल यादव, सरपंच उमेश यादव सहित ग्राम सारंगपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।






