राजनांदगांव। जिला अस्पताल की बदहाल स्थिति को लेकर युवा कांग्रेस ने शनिवार को जमकर विरोध जताया। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु मिश्रा के नेतृत्व में युवा नेताओं ने अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर अस्पताल प्रबंधन को घेरा और तत्काल सुधार की मांग की।
युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष ऋषि शास्त्री और संदीप सोनी ने बताया कि अस्पताल में सीटी स्कैन, एक्सरे और ब्लड सेपरेटर मशीन पिछले एक साल से बंद पड़ी हैं। इसके चलते मरीजों को निजी अस्पतालों की शरण लेनी पड़ रही है। वहीं विशेषज्ञ डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की भारी कमी से ओपीडी सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
ओपीडी काउंटर बढ़ाने और मशीनें शुरू करने की मांग
युवाओं ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ओपीडी काउंटर बढ़ाया जाए ताकि मरीजों को घंटों लंबी लाइन में न लगना पड़े। साथ ही, बंद मशीनों को जल्द से जल्द चालू किया जाए या फिर नई मशीनें स्थापित की जाएं।
“कुत्तों से सावधान” का बोर्ड लगाकर जताया विरोध
मातृ शिशु अस्पताल में घुमंतू कुत्तों के आतंक को लेकर युवा कांग्रेसियों ने अनूठा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने अस्पताल परिसर में “कुत्तों से सावधान” का बोर्ड चस्पा कर प्रशासन की नींद खोलने की कोशिश की। उनका कहना है कि खुलेआम ऑपरेशन थिएटर और अन्य वार्डों में घूमते कुत्ते मरीजों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
कलेक्टर के निर्देश भी बेअसर
गौरतलब है कि हाल ही में कलेक्टर ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए थे, लेकिन अस्पताल प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। स्थिति तब और चिंताजनक हो जाती है जब यह अस्पताल विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. रमन सिंह के क्षेत्र में स्थित है, फिर भी चिकित्सा सेवाओं का हाल बेहाल है।
विधायक को सौंपा गया ज्ञापन, चेतावनी के साथ
प्रदेश अल्पसंख्यक महासचिव विशु अजमानी और सेवादल प्रदेश महासचिव हर्ष खोबरागड़े ने बताया कि विधायक डॉ. रमन सिंह के नाम ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाएं सुधारने, मशीनें दुरुस्त करने और स्टाफ की नियुक्ति की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
इस दौरान हर्ष साहू, ओंकार दीक्षित, विनोद बंबोले, तौसीफ रजा, अभी गुप्ता, अंसय श्रीवास्तव, दीनू साहू, जीत मेश्राम, राजेश चौहान सहित कई युवा कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

