राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की अध्यक्ष नीलू शर्मा की कार्यशैली की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि नीलू शर्मा के नेतृत्व में राज्य का पर्यटन क्षेत्र एक नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनके कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश में पर्यटन विकास की गति और भी तेज हो गई है।
डॉ. सिंह ने कहा कि राज्य को जल्द ही भोरमदेव कॉरिडोर, फिल्म सिटी और प्रसाद योजना जैसी बड़ी परियोजनाएं मिलने जा रही हैं, जो न केवल छत्तीसगढ़ को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगी, बल्कि इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि नीलू शर्मा की दूरदृष्टि और सक्रिय पहल के चलते पर्यटन बोर्ड लगातार नवाचार कर रहा है। इन योजनाओं से न केवल पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सूची में स्थान बनाएगा और इसके पीछे नीलू शर्मा की अहम भूमिका रहेगी।

