अखंड भारत के स्वप्न साकार करने का आह्वान, युवाओं में भरी राष्ट्रभक्ति की भावना

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। अखण्ड भारत के स्वप्न को साकार करने हेतु शिवनाथ महाविद्यालय के जनभागीदारी अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम हिन्दु जागरण मंच के बैनर पर आयोजित था। इस अवसर पर प्रांत संगठक राजेश भार्गव सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम के नेतृत्वकर्ता रवि सिन्हा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि भारत केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि हमारी माता है। उन्होंने राष्ट्रभक्ति की आवश्यकता पर बल देते हुए भारत को पुनः विश्वगुरु की भूमिका में स्थापित करने के लिए अखण्ड भारत के स्वप्न को साकार करने का आह्वान किया। देश की एकता और संस्कृति की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
राजेश भार्गव ने अपने प्रेरक उद्बोधन में भारत के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गौरव को रेखांकित किया, यह पवित्र भूमि अनादिकाल से महान व्यक्तित्वों की जन्मस्थली रही है, जिन्होंने विश्व को सत्य, ज्ञान और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया। इतिहासकारों द्वारा गलत और पक्षपातपूर्ण इतिहास लेखन की कटु आलोचना की। उन्होंने कहा, हमारा गौरवशाली इतिहास विकृत किया गया, और सत्य को दबाकर नई पीढ़ी को भटकाने का प्रयास हुआ। विदेशी आक्रांताओं ने इस देश को लूटने, बांटने और इसकी सांस्कृतिक विरासत को नष्ट करने का सुनियोजित षड्यंत्र रचा।
राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रज्वलित करते हुए उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे देश की एकता, संस्कृति और सभ्यता की रक्षा के लिए अटूट समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा भारत हमारी माता है, और इसकी अखण्डता के लिए हमें हर संभव प्रयास करना होगा।
युवाओं को राष्ट्रभक्ति और स्वदेशी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे अखण्ड भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए एकजुट हों और विदेशी मानसिकता को त्यागकर स्वदेशी मूल्यों को अपनाएं। उन्होंने भारतीय संविधान की महत्ता और निहित मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने युवाओं से अपील की।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के सभी सम्माननीय सदस्य पंकज कुंजरेकर, सुरेंद्र सिंह भाटिया, गीतेश गुप्ता, हिंदू जागरण मंच के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं मातृ शक्ति प्राध्यापकगण और छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. एसआर कन्नौजे ने किया। आभार प्रदर्शन प्रो गुणवंता खरे ने किया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :