राजनांदगांव। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी श्री सेवा समिति द्वारा संचालित श्री गणेश उत्सव पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाने की तैयारी चालू कर दी गई है। श्री सेवा गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 40 वर्ष से प्रतिवर्ष गणेश उत्सव का आयोजन किया जाता है, उसी प्रकार इस वर्ष भी गणेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा और दिनांक 06/09/2024 को मुख्य चौराहे पर गणेश प्रतिमा का भव्य स्वागत किया जाएगा। 07/09/2024 को पूरे विधि-विधान से गणेश जी की मुर्ति स्थापना किया जाएगा। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु केदारनाथ मंदिर की झांकी का निर्माण कराया जा रहा है। उक्त झांकी चलित झांकी होगी, जिसमें विगत कुछ वर्षों पूर्व केदारनाथ धाम में बहुत ही भयंकर प्रलय आया था, जिसमें जान माल की बहुत बड़ी क्षति हुई थी, किंतु जैसा कि हम सबको मालूम है परमेश्वर की कृपा से वहां आए भयंकर प्रलय के बावजूद ईश्वर के साक्षात उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक विशाल भीम शिला पत्थर के रूप में आकर मंदिर एवं वहां केदारनाथ में शरण लिए हुए बहुत से लोगों की जान बचाकर ईश्वर के वहां केदारनाथ मंदिर में होने का साक्षात उदाहरण है। उक्त थीम को दर्शाते हुए केदारनाथ प्रलय की चलित झांकी बनाई जा रही है, जो कि समस्त जनमानस की आस्था से जुड़ा होने के कारण अधिक से अधिक लोगों के दर्शन करने की संभावना है और गणेश पंडाल को जंगल थीम पर सजाया जा रहा है। उक्त वृहद पंडाल को बनाने के लिए विशेष रूप से कारीगरों की टीम पश्चिम बंगाल कोलकाता से बुलाई गई है, जिनके द्वारा भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है एवं झांकी की मूर्तियां एवं साथ सजा हेतु भिलाई के वैष्णव जी द्वारा मूविंग झांकी का निर्माण किया जा रहा है। झांकी के मुख्य द्वार पर भगवान भोलेनाथ के आदियोगी की भव्य प्रतिमा द्वारा सुसज्जित किया गया है। श्री सेवा समिति द्वारा मनमोहक लाइट एवं डेकोरेशन का काम छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध शर्मा लाइट एंड डेकोरेशन दुर्ग के द्वारा कराया जा रहा है जो की प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी मुख्य आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। समिति द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि 9 दिनों के गणेश पर्व में विभिन्न धार्मिक आयोजन आयोजित किए जाएंगे। प्रथम दिन गणेश जी की स्थापना पूजा एवं अन्य दिनों में श्री हरि सत्संग मंडल द्वारा भजन संध्या का आयोजन दिनांक 9.9.2024 सोमवार शाम 8:00 बजे एवं दिनांक 15.9.2024 रविवार सुबह 11 बजे श्री गणेश जी के समक्ष 56 भोग का आयोजन किया जाएगा। दिनांक 17.9.2024 दिन मंगलवार दोपहर 3 बजे हवन पूजन एवं रात्रि कालीन भंडारा का आयोजन किया जाएगा एवं विसर्जन झांकी वाले दिन पूरी रात भक्तगण दर्शन एवं झांकी का आनंद ले पाएंगे। गणपति विसर्जन के लिए निर्धारित तिथि दिनांक 18.9.2024 बुधवार शाम 4 बजे का तय किया गया है। श्री सेवा समिति आप सभी के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आप सभी को धन्यवाद ज्ञापित करती है। समिति आप सभी राजनंदगांव दर्शनार्थियों से किसी भी प्रकार के सुझाव सादर आमंत्रित है। बच्चों के मनोरंजन के लिए बलून वाले, झूले वाले, मिकी माउस, जंपिंग झूला, बच्चों के खिलौने, धार्मिक सामग्री, पुस्तक, मनोरंजन के लिए बहुत से गेम्स एवं जुरासिक पार्क आदि लोगों को बच्चों के मनोरंजन के लिए आमंत्रित किया गया है, जिस पर उन सभी लोगों ने आने पर सहमति जताई है।

