वाहन स्वामी घर बैठे कर सकेंगे ई-चालान का ऑनलाइन भुगतान

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। यातायात नियमों के उल्लंघन पर जारी ई-चालान की जानकारी प्राप्त करने और उसका भुगतान करने के लिए वाहन स्वामियों को अब कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। परिवहन विभाग ने नागरिकों की सुविधा के लिए भारत सरकार के परिवहन पोर्टल के माध्यम से ई-चालान की जानकारी देखने और लंबित चालानों का ऑनलाइन भुगतान करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। वाहन स्वामी घर बैठे ही इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजनांदगांव ने बताया कि ई-चालान की जानकारी प्राप्त करने और भुगतान के लिए भारत सरकार की अधिकृत वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in पर जाना होगा। यहां व्हीकल नंबर विकल्प का चयन कर वाहन का पंजीयन क्रमांक और स्क्रीन पर प्रदर्शित कैप्चा कोड दर्ज करना होगा। इसके बाद ‘गेट डिटेल’ पर क्लिक करने पर संबंधित वाहन के विरुद्ध जारी ई-चालानों का विवरण स्क्रीन पर दिखाई देगा।

लंबित चालान का भुगतान करने के लिए संबंधित चालान के सामने दिए गए चेकबॉक्स पर टिक करना होगा अथवा पे-नाउ विकल्प का चयन करना होगा। इसके बाद उपलब्ध पेमेंट गेटवे के माध्यम से नेट बैंकिंग, यूपीआई, डेबिट कार्ड सहित अन्य डिजिटल भुगतान विकल्पों का उपयोग किया जा सकता है। भुगतान सफल होने पर संबंधित ई-चालान में इसकी प्रविष्टि दर्ज हो जाएगी। वाहन स्वामी भुगतान की रसीद भी प्राप्त कर सकेंगे।

फर्जी लिंक से भुगतान नहीं करने की अपील

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने जिले के सभी वाहन स्वामियों से अपने वाहनों के विरुद्ध जारी लंबित ई-चालानों की जानकारी लेकर समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों को सावधान करते हुए कहा कि ई-चालान का भुगतान केवल भारत सरकार की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ही करें। किसी भी संदिग्ध लिंक, फर्जी संदेश या अनधिकृत वेबसाइट के जरिए भुगतान करने से बचें।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!