गरीबों की झुग्गी-झोपड़ियों को तोड़ने की कोशिश न करें अधिकारी : शिव वर्मा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

➡️ सरकार को बदनाम करने की साजिश बर्दाश्त नहीं, गरीबों के साथ मजबूती से खड़ी है भाजपा सरकार

राजनांदगांव।

शहर में लंबे समय से झुग्गी-झोपड़ियों में निवास कर रहे गरीब परिवारों को हटाने या उन्हें परेशान करने की किसी भी कोशिश पर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शिव वर्मा ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि शहर के किसी भी वार्ड में गरीबों की झुग्गी-झोपड़ियों को तोड़ने या उन्हें उजाड़ने का प्रयास न किया जाए। वर्षों से अपने परिवार के साथ निवास कर रहे गरीबों को बेवजह नोटिस देकर भयभीत करना और हटाने की कार्रवाई की चेतावनी देना उचित नहीं है।
श्री वर्मा ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में बड़ी संख्या में ऐसे गरीब परिवार निवासरत हैं जो लंबे समय से झुग्गी-झोपड़ियां बनाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। इन परिवारों का जीवन पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहा है। ऐसे में बार-बार अधिकारियों द्वारा नोटिस जारी करना और झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने की बात करना उनके लिए मानसिक परेशानी का कारण बन रहा है। प्रशासनिक कार्रवाई के भय से गरीब परिवारों में असुरक्षा का माहौल निर्मित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारियों का रवैया ऐसा प्रतीत होता है मानो वे अपनी कार्यप्रणाली से सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हों। अधिकारियों को यह समझना चाहिए कि सरकार की प्राथमिकता गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों को राहत एवं सुरक्षा प्रदान करना है, न कि उन्हें बेघर करना। प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों को किसी भी कार्रवाई से पहले गरीब परिवारों की परिस्थितियों, उनकी समस्याओं और उनके वर्षों पुराने निवास को ध्यान में रखना चाहिए। श्री वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमेशा गरीबों और जरूरतमंदों के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है। सरकार की मंशा गरीबों को बसाने और उन्हें बेहतर जीवन देने की है। ऐसे में अधिकारियों को ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए जिससे गरीब परिवारों को नुकसान पहुंचे और सरकार की जनहितैषी छवि प्रभावित हो। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले परिवारों को अनावश्यक रूप से परेशान करना बंद करें। किसी भी परिवार को बिना उचित व्यवस्था और मानवीय दृष्टिकोण अपनाए हटाने की कोशिश न की जाए। गरीबों के आशियाने उजाड़ने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान निकालना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। श्री वर्मा ने दो टूक कहा कि गरीबों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर के किसी भी क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले परिवारों को डराने, धमकाने या बेवजह परेशान करने की कोशिश न हो। भाजपा सरकार गरीबों के साथ खड़ी है और गरीबों के अधिकारों एवं उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करती रहेगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!