राजनांदगांव। जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों और जनहानि के मामलों में मृतकों के आश्रितों को राहत देने के लिए कलेक्टर जितेंद्र यादव ने सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। राहत मद के तहत राजनांदगांव, डोंगरगांव, छुरिया और डोंगरगढ़ तहसीलों के प्रभावितों के लिए कुल 13 लाख 11 हजार 900 रुपये की राशि संबंधित तहसीलदारों को उपलब्ध कराई गई है।
स्वीकृत राशि में राजनांदगांव तहसील के अंतर्गत अतिवृष्टि और अधिक वर्षा से 40 मकानों को आंशिक क्षति होने पर 1 लाख 60 हजार रुपये तथा एक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने पर 1 लाख 20 हजार रुपये दिए गए हैं। वहीं नदी के पानी में डूबने से हुई एक जनहानि के मामले में मृतक के आश्रितों को 4 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है।
डोंगरगांव तहसील में सर्पदंश से हुई जनहानि के मामले में आश्रितों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। छुरिया तहसील में अतिवृष्टि से तीन मकानों को आंशिक क्षति होने पर 11 हजार 900 रुपये तथा नदी में डूबने से हुई एक जनहानि के मामले में 4 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह डोंगरगढ़ तहसील में अतिवृष्टि से पांच मकानों को आंशिक क्षति पहुंचने पर 20 हजार रुपये की सहायता राशि मंजूर की गई है।
कलेक्टर ने स्वीकृत सहायता राशि संबंधित तहसीलदारों को उपलब्ध कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आपदा प्रभावित परिवारों और मृतकों के आश्रितों को नियमानुसार राहत मिल सके।





