कोलिहा। बाल दिवस के अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोलिहा में आनंद बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में बच्चों की रचनात्मकता, प्रतिभा और आत्मविश्वास के साथ छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल, मनोरंजक खेल और विभिन्न गतिविधियों ने विद्यालय परिसर को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद वीरेंद्र यादव ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। बालिकाओं के सम्मान, शिक्षा और सशक्तीकरण का संदेश देने वाले ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ नाटक की प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। नाटक के माध्यम से बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर शिक्षक नंदकुमार ध्रुव एवं प्राथमिक विद्यालय कोलिहा के प्रधान पाठक ओमप्रकाश साहू ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आनंद बाल मेले में बच्चों ने स्वयं विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल लगाए और उनकी बिक्री की। इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें लेन-देन, गणना, संवाद कौशल और आत्मनिर्भरता का व्यावहारिक अनुभव मिला। मेले में आयोजित खेलों में बच्चों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की विशेष झलक देखने को मिली। बच्चों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में स्टॉल सजाए और स्थानीय व्यंजनों को प्रदर्शित किया। इससे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान और लोकपरंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।
‘मैं क्या बनना चाहती/चाहता हूं’ विषय पर आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। इसमें बच्चों ने डॉक्टर, शिक्षक, पुलिस अधिकारी और वैज्ञानिक सहित विभिन्न पेशों की वेशभूषा धारण कर अपने भविष्य के सपने और लक्ष्य प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों में आत्मविश्वास और कल्पनाशीलता दिखाई दी।
मेले में हाई स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने भी सहभागिता निभाई। आयोजक श्रीमती चित्रा साहू के मार्गदर्शन एवं संयोजन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन ने यह संदेश दिया कि खेल, कला, संस्कृति और व्यावहारिक गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।





