राजनांदगांव। शहर में चल रहे रेलवे अंडरब्रिज निर्माण कार्यों के कारण बाधित हो रही यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए महापौर मधुसूदन यादव गुरुवार को सुबह से ही एक्शन मोड में नजर आए। ममतानगर-मोतीपुर रेलवे अंडरब्रिज और चिखली ओवरब्रिज क्षेत्र में लगातार लग रहे जाम की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने नगर निगम, पुलिस व यातायात विभाग के आला अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ पांच प्रमुख डायवर्सन प्वाइंट का सघन स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अतिक्रमण हटाकर यातायात सुगम बनाने के कड़े निर्देश दिए, जिसके बाद दोपहर से ही निगम की टीम ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया।
सुबह निवास पर ली बैठक, फिर तय किए निरीक्षण के बिंदु
लगातार यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही महापौर ने प्रातः अपने मोतीपुर स्थित निज निवास पर पुलिस, यातायात विभाग, निगम अधिकारियों और पार्षदों की आपात बैठक बुलाई। बैठक में स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर निरीक्षण के लिए समय और प्रमुख बिंदु तय किए गए। इसके पश्चात महापौर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात प्रवाह, सड़क की स्थिति व वाहनों के दबाव का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
इन पांच डायवर्सन प्वाइंट पर दिए गए प्रमुख निर्देश
मोतीपुर-ममतानगर अंडरब्रिज: महापौर ने सबसे पहले यहां का निरीक्षण किया। उन्होंने मोतीपुर से रेलवे फाटक जाने वाले मार्ग पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर, उन्हें आजाद चौक मोतीपुर से रेलवे फाटक की ओर डायवर्ट करने के निर्देश दिए।
मोतीपुर-रामनगर रेलवे फाटक मार्ग: यहां सड़क किनारे फैले अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने और स्थानीय सब्जी मार्केट को व्यवस्थित करने को कहा गया।
स्टेशनपारा, गौरीनगर व चिखली ओवरब्रिज: इन तीनों डायवर्सन मार्गों का मौका-मुआयना कर सड़क अवरुद्ध होने से बचाने, रोड लेवलिंग करने, सफेद व लाल पेंट से रोड मार्किंग करने और मुनादी कराने के निर्देश दिए गए।
निगम आयुक्त ने जारी किए आदेश, दोपहर से शुरू हुआ काम
महापौर ने पुलिस व यातायात विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे व्यवस्था की नियमित निगरानी करें तथा आवश्यकतानुसार संकेतक बोर्ड और अतिरिक्त ट्रैफिक जवानों की तैनाती करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। महापौर के निर्देश के बाद नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने तत्काल अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय आदेश जारी कर दिए। इसके अनुक्रम में निगम के दस्ते ने दोपहर से ही चिन्हित क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने और सड़क समतलीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया।
बॉक्स पुशिंग कार्य के चलते लागू है डायवर्सन
गौरतलब है कि चिखली रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के तहत ‘बॉक्स पुशिंग’ का कार्य किया जाना है। सुरक्षा व निर्माण की दृष्टि से ओवरब्रिज पर दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य सभी भारी व चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। प्रशासन द्वारा व्यापक लोकहित में महावीर चौक (इमाम चौक) से खैरागढ़ रोड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य पूरा होने तक यातायात सुचारू रूप से संचालित होता रहे।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
स्थल निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष पारस वर्मा, एमआईसी सदस्य सुनील साहू व सावन वर्मा, कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल, पार्षद शिव वर्मा, कमलेश बंधे, मनोहर यादव, एल्डरमैन नागेश यदु व भीषम देवांगन, पूर्व नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, मदन यादव, लोकेश जैन, नरेन्द्र हंसा, विनोद भारती सहित नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम, डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, यातायात टीआई शंकर गोस्वामी, कार्यपालन अभियंता दीपक खाण्डे व यूके रामटेके, प्रणय मेश्राम, प्र. सहायक अभियंता सुषमा साहू और प्र. उप अभियंता चिराग मेश्राम उपस्थित थे।





