राजनांदगांव। दीपावली के पावन पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। डोंगरगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी चिचोला ने दीपावली के दौरान एक ढाबे में वाद-विवाद और मारपीट पर उतारू होने वाले चार युवकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली के दौरान ग्राम जनकपुर स्थित एक ढाबे में खाना खाने के समय आवेदक खिलेश चंद्रवंशी (पिता गिरधारी लाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी नागरकोहरा) और कुछ अन्य युवकों के बीच किसी बात को लेकर वाद-विवाद और धक्का-मुक्की शुरू हो गई थी। देखते ही देखते अनावेदकगण मारपीट पर उतारू हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने युवकों को शांत कराने का प्रयास किया और उन्हें समझाइश दी, लेकिन बार-बार समझाने के बावजूद आरोपी विवाद करने से बाज नहीं आए और लगातार हंगामा करते रहे।
चारों आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कड़ा कदम उठाते हुए चारों अनावेदकों के विरुद्ध बीएनएसएस की धाराओं (धारा- 170, 126, 135(3)) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से अदालत के निर्देशानुसार उन्हें जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार अनावेदकों के नाम:
गोकुल निषाद (पिता सुकरूम निषाद, उम्र 19 वर्ष, निवासी आसरा)
धनेश्वर साव (पिता सुरेश साव, उम्र 18 वर्ष, निवासी आसरा)
भूपेश कुमार साहू (पिता भानूराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी आसरा)
भूपेंद्र साहू (पिता मोतीराम साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी आसरा, थाना डोंगरगांव)
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस पूरी त्वरित और सख्त कार्रवाई को अंजाम देने में पुलिस चौकी प्रभारी चिचोला निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव, सहायक उपनिरीक्षक वीरेंद्र नाविक तथा आरक्षक क्रमांक 1426, 1342, 183 और 1800 की टीम का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से हुड़दंगियों में हड़कंप मच गया है।





