➡️ पार्षद गिरिजा निर्मलकर ने दी दीपावली की शुभकामनाएं
राजनांदगांव।
दीपावली पर्व के अवसर पर शहर के श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र लखोली के वार्ड क्रमांक 32 स्थित राहुल नगर में आस्था, उल्लास और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। स्थानीय समिति के तत्वावधान में दीपोत्सव के अवसर पर मां लक्ष्मी एवं ईशर-गौरा-गौरी की प्रतिमाएं विधि-विधान के साथ स्थापित की गईं। प्रतिमा स्थापना के बाद महिलाओं एवं वार्डवासियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की। बाजे-गाजे और छत्तीसगढ़ी गौरा-गौरी गीतों की मधुर धुन से पूरा मोहल्ला भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती गिरिजा संतोष निर्मलकर विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने मां लक्ष्मी एवं गौरा-गौरी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों से आत्मीय मुलाकात कर सभी को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पार्षद गिरिजा संतोष निर्मलकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरव हैं। गौरा-गौरी पर्व हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और एकजुटता को भी मजबूत करते हैं। राहुल नगर में गौरा-गौरी प्रतिमा स्थापना के साथ ही पारंपरिक गौरा जगाने की शुरुआत हुई। महिलाओं ने समूह में पारंपरिक लोकगीत गाए और पूजा की रस्में निभाईं। वहीं मोहल्ले के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक आयोजन में भागीदारी निभाई। दीपों की रोशनी, पारंपरिक गीतों और धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों और समिति के सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने मिलकर पारंपरिक पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आधुनिकता के दौर में भी छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाज आज भी लोगों के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं।






