राजनांदगांव जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब ई-चालान से होगी कार्रवाई

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में यातायात पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में आज, 30 सितंबर 2026 से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान (E-Challan) के माध्यम से डिजिटल कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

यह पूरी पहल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं उप पुलिस अधीक्षक कृष्णकांत वाजपेई के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में शुरू की गई है। नई व्यवस्था के तहत अब सड़क पर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उन्हें ई-चालान जारी किया जाएगा।

इन नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

यातायात पुलिस के अनुसार, बिना हेलमेट दोपहिया चलाना, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाना, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग करना, ट्रैफिक सिग्नल तोड़ना, निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार (ओवरस्पीडिंग) में वाहन चलाना, गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में ड्राइविंग और अमानक या त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट से संबंधित नियमों के उल्लंघन पर ई-चालान के जरिए सीधी कार्रवाई होगी।

सुरक्षा के लिए नियम पालन जरूरी : यातायात पुलिस

ई-चालान व्यवस्था की शुरुआत करते हुए यातायात पुलिस ने आम जनता व वाहन चालकों से जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट लगाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन केवल चालान या जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है। पुलिस ने सभी नागरिकों से सुरक्षित व सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने का आग्रह किया है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :