राजनांदगांव। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के दिशानिर्देशानुसार पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में मतदाता अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर कल राजनांदगांव में विरोध मार्च निकाला जाएगा। विरोध मार्च कल सोमवार सुबह 11:30 बजे जयस्तंभ चौक स्थित कांग्रेस भवन से प्रारंभ होकर जिला कलेक्ट्रेट तक पहुंचेगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने बताया कि कांग्रेस द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं एवं मतदाता सूची से जुड़े विषयों को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े निर्णयों के कारण बड़ी संख्या में नागरिकों के मताधिकार प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हुई है व चुनाव परिणाम प्रभावित हुए है । इसी के विरोध में राजनांदगांव में विरोध मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विरोध मार्च के कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद जिलाधीश के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पदमुक्त कर उनके द्वारा किए गए कार्यों एवं लिए गए निर्णयों की जांच कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी दहन किया जाएगा।
विरोध मार्च में जिले के विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ कांग्रेसजन, जिले में निवासरत प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी सहित युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल तथा कांग्रेस के विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं विभागों के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके साथ ही नगरीय निकायों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद एवं एल्डरमैन तथा त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के कांग्रेस समर्थित निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से भी कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन एवं प्रशासन राहुल तिवारी ने जिले के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की है कि मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर आयोजित विरोध मार्च में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।


