दिनदहाड़े चोरी का बसंतपुर पुलिस ने किया पर्दाफाश : जेल में रची गई थी साजिश, 2 आरोपी गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कौरिनभाठा की आशीर्वाद कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई करीब 10.50 लाख रुपये की बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। साइबर सेल और थाना बसंतपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम सोने का डल्ला, करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण और 1.50 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन एवं साइबर/क्राइम डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन और साइबर सेल प्रभारी विनय पम्मार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जेल में बनी थी चोरी की योजना:
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कुल प्रकाश वालदे ने 11 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर के समय अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर लॉकर से सोने-चांदी के जेवरात और 1.50 लाख रुपये नगद पार कर दिए थे। जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के जरिए मुख्य आरोपी की पहचान अंतरराज्यीय चोर विक्की वर्मा के रूप में की।

पुलिस ने आरोपी विक्की वर्मा को 20 सितंबर को कुरुक्षेत्र (हरियाणा) से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वर्ष 2025-26 में सेंट्रल जेल जगदलपुर में रहने के दौरान उसकी मुलाकात रहिमन से हुई थी। रहिमन प्रार्थी के मकान की पहली मंजिल पर किराए से रहता था। उसने ही विक्की को मकान के सूने रहने और घर में भारी मात्रा में जेवरात होने की जानकारी दी थी।

शातिराना अंदाज में दिया वारदात को अंजाम:
योजना के तहत रहिमन घटना के एक सप्ताह पहले से शहर से बाहर चला गया ताकि किसी को उस पर शक न हो और लगातार मोबाइल फोन के जरिए विक्की के संपर्क में रहा। चोरी के बाद विक्की ने सोने के कुछ जेवरात कुरुक्षेत्र में बेचे और बाकी का 100 ग्राम का डल्ला बना लिया, जबकि चांदी के आभूषण और 50,000 रुपये नगद रहिमन को दे दिए।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड:
पुलिस ने आरोपी विक्की वर्मा (32 वर्ष, निवासी शाहबाद, कुरुक्षेत्र, हाल खुर्सीपार भिलाई) और रहिमन (43 वर्ष, निवासी काकोडी, महाराष्ट्र, हाल कौरिनभाठा राजनांदगांव) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है। मुख्य आरोपी विक्की वर्मा के खिलाफ बस्तर, महासमुंद, दुर्ग, कबीरधाम, धमतरी और राजनांदगांव जिलों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब जेवरात खरीदने वाले ज्वैलर की भूमिका की जांच और शेष माल की बरामदगी में जुटी है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :