राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जिले में जनजागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में डोंगरगांव और राजनांदगांव विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा ‘नमो सेवा – अनकही कहानियां’ विषय पर नुक्कड़ नाटकों का शानदार मंचन किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने शासकीय योजनाओं, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सहभागिता का प्रभावी संदेश दिया।
चौक-चौराहों और पंचायतों में बिखरी अभिनय की छटा:
डोंगरगांव विकासखंड के पीएमश्री स्कूल डोंगरगांव और नीरज विद्यामंदिर के विद्यार्थियों ने नगर के प्रमुख चौक पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं और जनसेवा के महत्व से अवगत कराया। वहीं, ग्राम करमतरा में पंचायत भवन के समीप स्कूली बच्चों की प्रस्तुति को देखने के लिए ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की भारी भीड़ जुटी। बच्चों ने अपने अभिनय और संवादों के जरिए ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
‘विकसित भारत 2047’ की दिखाई झलक:
राजनांदगांव विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला अंजोरा और पूर्व माध्यमिक शाला खपरीकला के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में नाटक का मंचन किया। इसके माध्यम से वर्ष 2047 के ‘विकसित भारत’ की संकल्पना, वर्तमान उपलब्धियों और देश के विकास में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया गया।
जन-जन तक सेवा भावना पहुंचाना ही मुख्य उद्देश्य:
अभियान के अंतर्गत आयोजित इन नुक्कड़ नाटकों का मुख्य उद्देश्य कला और नाटक के माध्यम से सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। विद्यार्थियों की इस रचनात्मक पहल की ग्रामीणों और उपस्थित अधिकारियों ने जमकर सराहना की।


