राजनांदगांव। आगामी गणेश पर्व एवं विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस पूरी तरह चौकस है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का व्यापक खाका तैयार किया गया है। उत्सव के दौरान जिलेभर में लगभग 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पंडाल सुरक्षा और रात्रिकालीन गश्त पर विशेष नजर रखेंगे।
असामाजिक और संदिग्ध तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर नजर रखने के लिए एक पृथक सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम बनाई गई है।
एंटी-क्राइम स्क्वॉड गठित, सुगम यातायात के लिए लागू होगा रूट प्लान
अपराधों पर लगाम कसने के लिए विशेष एंटी-क्राइम एवं इंटेलिजेंस कलेक्शन स्क्वॉड का गठन किया गया है। यह टीम संवेदनशील क्षेत्रों में सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करेगी। इसके अलावा, आगामी 10 दिनों के दौरान शहर के बाजार क्षेत्रों में सुगम यातायात के लिए रूट डायवर्जन और ई-रिक्शा व कारों के प्रवेश को नियंत्रित करने की व्यवस्था की गई है।
‘वन पंडाल – वन कॉप’ की अनूठी पहल
पुलिस और उत्सव समितियों के बीच समन्वय बेहतर बनाने के लिए “One Pandal – One Cop: Pandal Police Mitra” योजना लागू की गई है। इसके तहत प्रत्येक गणेश पंडाल में एक पुलिस मित्र (आरक्षक) की तैनाती की गई है, जिसकी सूची समितियों से साझा कर ली गई है। किसी भी आपात स्थिति में यह पुलिस मित्र तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगा।
कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को सीधी चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने रात्रिकालीन पेट्रोलिंग और विजिबल पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों और आयोजन समितियों से शांतिपूर्वक त्योहार मनाने व संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।


