डोंगरगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में 1 से 14 सितंबर तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन अत्यंत उत्साह और धूमधाम के साथ किया जा रहा है। हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों में इसके प्रति रुचि व सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय में विविध साहित्यिक और भाषायी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य संजय कुमार सिंह एवं उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल के मार्गदर्शन में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलना के साथ हुआ। पहले दिन जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए सुलेख लेखन और हिंदी कवियों के चित्र बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कविता लेखन से लेकर सुंदरकांड पाठ तक के आयोजन
हिंदी विभाग के प्रभारी रामकुमार चंद्रा (पीजीटी हिंदी) ने बताया कि 14 सितंबर तक चलने वाले इस पखवाड़े में कविता लेखन, कहानी लेखन, सुंदरकांड पाठ, कठिन शब्दों के अर्थ, साहित्यकारों के चित्रों की पहचान और भाषण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को समापन पर पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा, प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में भी प्रतिदिन हिंदी भाषा, व्याकरण और साहित्य से जुड़ी गतिविधियां कराई जा रही हैं।
स्टाफ के लिए प्रश्नोत्तरी, जल्द लगेगी पुस्तक प्रदर्शनी
सह प्रभारी कमलचंद मछिरके ने जानकारी दी कि पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहने वाली पुस्तक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं, विद्यालय के स्टाफ सदस्यों के लिए भी एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सभी शिक्षकों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी जन-जन की भाषा है और इसका साहित्य अत्यंत समृद्ध है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों का सराहनीय योगदान मिल रहा है।


