नाबालिग चालकों को पुलिस की समझाइश, स्कूली बच्चों को सिखाए यातायात सुरक्षा के पाठ

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए राजनांदगांव ट्रैफिक पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों और स्कूली विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया। आईजी अजय कुमार यादव द्वारा समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन व एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यह मुहिम शुरू की गई है।

अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सड़कों पर वाहन दौड़ाते मिले नाबालिगों को रोककर समझाइश दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिना लाइसेंस और कम उम्र में गाड़ी चलाना कानूनी अपराध तो है ही, साथ ही यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।

छात्रों को बताया- हेलमेट और सीट बेल्ट क्यों है जरूरी
विभिन्न स्कूलों में आयोजित कार्यक्रमों में पुलिस ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक रूल्स की जानकारी दी। छात्रों को बिना लाइसेंस गाड़ी न चलाने, बाइक पर हेलमेट और कार में सीट बेल्ट का उपयोग करने की सलाह दी गई। बच्चों से कहा गया कि वे खुद भी नियमों का पालन करें और अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

पालकों से अपील: नाबालिग बच्चों को न सौंपें गाड़ियां
ट्रैफिक पुलिस ने अभिभावकों से भी विशेष अपील की है। पुलिस का कहना है कि पालक अपने नाबालिग बच्चों की जिद के आगे न झुकें और उन्हें दोपहिया या चार पहिया वाहन न दें। उम्र पूरी होने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनने के बाद ही बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति दी जानी चाहिए।

नियम तोड़े तो Motor Vehicle Act के तहत होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने साफ कर दिया है कि शुरुआती दौर में समझाइश दी जा रही है, लेकिन आने वाले दिनों में यदि नाबालिग वाहन चलाते पाए गए, तो उनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम (Motor Vehicle Act) के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :