राजनांदगांव। जिले में चलाए जा रहे पशु तस्करी विरोधी अभियान के तहत डोंगरगांव पुलिस ने अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन कर रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिकअप वाहन समेत 06 गाय और 01 बछड़ा सुरक्षित बरामद कर गौशाला भेजा गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुराना बस स्टैंड के पास सफेद रंग के पिकअप वाहन (क्रमांक सीजी 08 एआर 9703) में पशुओं को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही डोंगरगांव पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कॉलेज रोड स्थित आरा मशीन के पास वाहन को रोका।
बिना चारा-पानी के ठूंस-ठूंसकर भरे थे मवेशी
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 6 गाय और 1 बछड़ा (कुल 7 मवेशी) बेहद क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर बिना चारा-पानी के भरे पाए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 3 लाख रुपये मूल्य के मवेशियों व परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में शामिल तीनों आरोपियों—मनोज साहू (30 वर्ष), देवराम निषाद (36 वर्ष) तथा चुम्मन दास डहरे (36 वर्ष), सभी निवासी ग्राम कोनारी (थाना डोंगरगांव) को 21 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर व सीएसपी मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सागर सिंह राजपूत और आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी की मुख्य भूमिका रही।

