राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों पर यातायात पुलिस का शिकंजा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। रेंज आईजी अजय यादव द्वारा समीक्षा बैठक में दिए निर्देशों के परिपालन में, एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन व एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में एनएच-53 पर व्यापक चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान थाना सोमनी, ओपी तुमड़ीबोड़, ओपी चिचोला एवं थाना बागनदी की संयुक्त पुलिस टीमों ने अंजोरा बायपास से बागनदी तक हाईवे के किनारे तथा सड़क पर अवैध व खतरनाक तरीके से खड़े 11 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान वाहन चालकों से 6,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रात में पार्किंग लाइट चालू रखने के निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि मुख्य मार्ग या सड़क के किनारे अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़ा न करें। वाहनों को सड़क से पर्याप्त दूरी पर सुरक्षित स्थान पर ही पार्क किया जाए। विशेष रूप से रात्रि के समय वाहन खड़ा करने पर पार्किंग लाइट अनिवार्य रूप से चालू रखने को कहा गया, ताकि पीछे से आने वाले वाहनों को दुर्घटना से बचाया जा सके।

होटल व ढाबा संचालकों को चेतावनी
राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित होटल, ढाबा एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को भी कड़े निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने कहा कि प्रतिष्ठानों के सामने हाईवे पर गाड़ियां खड़ी न होने दें। ग्राहकों के वाहनों को परिसर के भीतर उपलब्ध निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराया जाए। सड़क पर अनधिकृत पार्किंग दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनती है।

निरंतर जारी रहेगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हाईवे और अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों और प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :