बसंतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : दो शराब कोचिए और एक सटोरिया गिरफ्तार, 60 पौवा शराब व सट्टा-पट्टी जब्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब बिक्री और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो शराब कोचियों और एक सटोरिया को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 60 पौवा देशी शराब, सट्टा-पट्टी और नकदी रकम बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन में बसंतपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। 8 अगस्त को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की।

कार्रवाई का विवरण व बरामदगी

सटोरिया गिरफ्तार: दबिश के दौरान माखन बढ़ई गली निवासी आरोपी जीतू श्रीरंगे (26) को सट्टा-पट्टी लिखते रंगे हाथों पकड़ा गया। उसके कब्जे से 1,500 रुपये नकदी, सट्टा-पट्टी और डॉट पेन जब्त किया गया।

शराब कोचिए दबोचे गए: गौशाला रोड निवासी अमन सोनवानी (29) के कब्जे से 20 पौवा देशी शोले मदिरा (3.6 लीटर, कीमत 1,600 रुपये) व बिक्री की रकम 200 रुपये जब्त की गई। वहीं इंदिरा नगर निवासी दिनेश यादव (20) के पास से 40 पौवा देशी शोले मसाला शराब (7.2 लीटर, कीमत 4,000 रुपये) बरामद हुई।

अदालत में पेशी और पुलिस टीम की भूमिका

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, महिला प्रधान आरक्षक सीमा जैन, मेनका साहू, आरक्षक रूपेन्द्र वर्मा, राजेश बंदेश्वर एवं बसंतपुर थाने के अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। बसंतपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :