राजनांदगांव। दिग्विजय स्टेडियम में रविवार को 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026-27 का आगाज हुआ। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 9 से 13 अगस्त तक चलेगी।
उद्घाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राजनांदगांव में प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन होना गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, कराटे और कुश्ती सहित कई खेलों की प्रतिभाएं लगातार सामने आ रही हैं।
खेल सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव को खेल नगरी के रूप में और विकसित करने के लिए खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार मैदान, कोर्ट, प्रशिक्षण सुविधाएं और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, कोचिंग और प्रशिक्षकों के विशेष प्रशिक्षण के साथ खेल अधोसंरचना के विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की अपील की।
‘खेलों की राजधानी बन रहा राजनांदगांव’
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव संस्कारधानी के साथ अब खेलों की राजधानी के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। ज्ञानेश्वरी यादव जैसे खिलाड़ियों ने विश्व स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’ को आत्मसात करते हुए मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की अपील की।
साव ने कहा कि प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस वर्ष 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसका उपयोग खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की सुविधाओं के विकास में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से अधोसंरचना के संबंध में प्रस्ताव मिलने पर आवश्यकतानुसार बजट का प्रावधान करने पर विचार किया जाएगा।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने की जरूरत
सांसद संतोष पाण्डेय ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजनांदगांव में वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों की प्रतिभाएं लगातार सामने आ रही हैं। जिले के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने दिग्विजय स्टेडियम परिसर में उपलब्ध भवन और अन्य संसाधनों का खिलाड़ियों के हित में बेहतर उपयोग करने की जरूरत बताई। साथ ही बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने पर जोर दिया।
प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए जूनियर खिलाड़ियों के बीच रैंकिंग के लिए मुकाबले होंगे। आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को भी प्रदेश स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष विक्रम सिंह सिसोदिया ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, रमेश पटेल, राजेश श्यामकर, योगेश बागड़ी, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सीएल मारकंडेय सहित जनप्रतिनिधि, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारी, कोच, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

