पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने ली समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजनांदगांव रेंज, अजय यादव (भापुसे) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में जिले की अपराध समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भापुसे) समेत जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना/चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

आईजी अजय यादव ने जिले के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र और कानून सम्मत निराकरण के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से मई माह से पहले के सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा एक वर्ष से अधिक पुराने आपराधिक प्रकरणों, चालान, खात्मा, अंधी हत्या (ब्लाइंड मर्डर) और अन्य गंभीर अपराधों में गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध जांच करने को कहा। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों व संगठित अपराधों से जुड़े प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामलों में कड़ाई से विवेचना करने और सफेमा (SAFEMA) के तहत संपत्ति कुर्की व जब्ती की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया गया।

एसपी अंकिता शर्मा ने थाना प्रभारियों की ली पृथक बैठक

आईजी की समीक्षा के बाद पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने थाना प्रभारियों की अलग से बैठक ली। एसपी ने विवेचना की गुणवत्ता सुधारने, संवेदनशील मामलों पर व्यक्तिगत निगरानी रखने, पुलिस विभाग में अनुशासन कायम रखने और विभागीय जांचों का समय पर निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध प्रवासियों व संदिग्धों का सत्यापन अभियान चलाने और महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर संवेदनशीलता व सम्मानजनक व्यवहार के साथ त्वरित कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

नागरिकों से शालीन व्यवहार और कानून-व्यवस्था पर सतर्कता के निर्देश

बैठक में आईजी ने स्पष्ट किया कि थानों में आने वाले प्रार्थियों और आम नागरिकों से पुलिस का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए। इसके अलावा, आगामी दिनों में संभावित कानून-व्यवस्था की स्थितियों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी व तगड़ी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अपने दोस्तों को शेयर करें :