राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार नागरिकों को सुरक्षित और सही गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार औचक निरीक्षण कर रही है।
इस कड़ी में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती साधना चंद्राकर के नेतृत्व में डोंगरगढ़ विकासखंड के गुजराती स्वीट्स और मेसर्स बसंतीलाल अग्रवाल के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मगज लड्डू, मिल्क केक, जेम्स कनफेक्शनरी और मिर्ची पाउडर के नमूने संकलित किए गए।
इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री डोमेन्द्र धु्रव के नेतृत्व में मेसर्स ईमाम एंटरप्राईजेस हल्दी का निरीक्षण किया गया और अमृतांजल पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर का नमूना संग्रहित किया गया। लेबल पर बैंच नंबर, विनिर्माण तिथि और FSSAI लाइसेंस अंकित नहीं होने पर 429 बोरी अमृतांजल पैक्ड वाटर जप्त की गई।
संतोष किराना स्टोर्स सुरगी से गेंहू आटा का नमूना भी संकलित कर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि विभाग ने व्यापारियों से अपील की है कि वे केवल सुरक्षित और गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ ही विक्रय, भंडारण और निर्माण करें। नागरिक किसी भी मिलावटी या दूषित खाद्य सामग्री के संबंध में खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाइन 9340597097 पर सूचना दे सकते हैं।

