₹5,000 का इनामी फरार आरोपी ‘छोटे कट्टी’ चढ़ा पुलिस के हत्थे, शराब तस्करी मामले में था तीन माह से फरार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। अवैध शराब तस्करी के मामले में पिछले तीन महीनों से फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी आरोपी नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू उर्फ छोटे कट्टी (25 वर्ष) को राजनांदगांव पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई साइबर सेल और पुलिस चौकी मोहारा की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, बीते 7 मई 2026 को मोहारा चौकी पुलिस ने कोटरीछापर रोड स्थित मुढ़िया नाला के पास दबिश देकर मध्य प्रदेश निर्मित ‘गोवा व्हिस्की’ की 9 पेटी (81 बल्क लीटर, कीमत ₹60,750) और एक ओला ईवी स्कूटी जब्त की थी। उस समय तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी नंदकिशोर वर्मा चकमा देकर फरार हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी पर ₹5,000 का इनाम घोषित कर जिला स्तर पर इस्तेहार जारी किया गया था। लगातार तीन महीने तक पुलिस को छकाने के बाद साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने 8 अगस्त को आरोपी को धर दबोचा।

महाराष्ट्र में बेची घटना में प्रयुक्त कार, मोबाइल जब्त
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि अपराध में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार (CG 04 LG 9461) को उसने महाराष्ट्र में बेच दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है, जबकि कार की बरामदगी के लिए विवेचना जारी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :