राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस : राजनांदगांव में 3.72 लाख बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य, प्रशिक्षण संपन्न

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले में 10 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस’ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर 1 से 19 वर्ष तक के 3 लाख 72 हजार 405 बच्चों और किशोरों को कृमि नाशक एल्बेंडाजोल टेबलेट खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की सफलता के लिए नगर पालिक निगम के टाउन हॉल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय में शिक्षकों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान ही CMHO डॉ. नेतराम नवरतन ने जनजागरूकता प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे 10 अगस्त को अपने बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों में दवा अवश्य खिलवाएं।

उम्र के हिसाब से दी जाएगी खुराक
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 10 अगस्त को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय व निजी स्कूलों, मदरसों और कॉलेजों में दवा का वितरण किया जाएगा:

1 से 2 वर्ष: आधी गोली (चूरा करके)

2 से 3 वर्ष: 1 पूरी गोली (चूरा करके)

3 से 19 वर्ष: 1 पूरी गोली (चबाकर साफ पानी के साथ)

17 अगस्त को होगा मॉप-अप दिवस
किसी कारणवश 10 अगस्त को दवा खाने से छूटे हुए बच्चों को 17 अगस्त को ‘मॉप-अप दिवस’ के तहत कवर किया जाएगा।

सेहत सुधारने में मददगार है एल्बेंडाजोल
विशेषज्ञों के अनुसार कृमि संक्रमण से बच्चों में एनीमिया (खून की कमी), कुपोषण, भूख न लगना और शारीरिक-मानसिक विकास में बाधा जैसी समस्याएं होती हैं। एल्बेंडाजोल की खुराक से बच्चों के पोषण और बौद्धिक स्तर में सुधार होता है। स्वास्थ्य विभाग ने कृमि से बचाव के लिए हाथ धोने, फल-सब्जियां धोकर खाने और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह भी दी है। इस दौरान जिला नोडल अधिकारी डॉ. बी.एल. तुलावी समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :