राजनांदगांव। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने शुक्रवार को राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुंदरा स्थित पटवारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजस्व प्रकरणों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। विशेष रूप से ग्राम सुंदरा में नक्शा बटांकन का कार्य केवल 54 प्रतिशत होने पर गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी एक सप्ताह के भीतर बटांकन की प्रगति 75 प्रतिशत तक पहुंचाने की कड़ी हिदायत दी।
एग्रीस्टैक पोर्टल में शत-प्रतिशत पंजीयन कराने का निर्देश
कलेक्टर ने अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और स्वामित्व योजना के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अभियान चलाकर इनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एग्रीस्टैक पोर्टल पर कोई भी किसान पंजीयन से वंचित न रहे, अधिकारी इसकी सतत निगरानी कर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करें। राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और पीएम आवास की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सुंदरा के सरपंच, सचिव व रोजगार सहायक से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति जानी। सुंदरा में स्वीकृत 48 पीएम आवासों में से 32 पूर्ण हो चुके हैं। कलेक्टर ने शेष अपूर्ण व अप्रारंभ आवासों का निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराने को कहा। इसके अलावा, सूर्यघर योजना के तहत ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए चौपाल लगाकर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय, एसडीएम गौतम पाटिल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

