राजनांदगांव। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) राजनांदगांव में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। “पेशेवर आचरण एवं मानसिक लचीलापन” (Mental Resilience) विषय पर आयोजित इस प्रशिक्षण में रेंज के सभी जिलों से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) से लेकर उप-निरीक्षक (SI) स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के शुभारंभ सत्र में आईजी अजय कुमार यादव ने पुलिस बल की कार्यशैली, व्यावहारिक गलतियों में सुधार और लगातार सीखने की क्षमता बढ़ाकर खुद को बेहतर बनाने पर जोर दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्षमता में वृद्धि के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत होना बेहद आवश्यक है।
विशेषज्ञों ने दिए तनाव प्रबंधन और टीम भावना के टिप्स
दो दिवसीय सत्र में नेप्रा कंसल्टिंग (NEPRA CONSULTING) की विषय विशेषज्ञ डॉ. नेहा शुक्ला, डॉ. प्रतिभा दईपुरिया, अनिकेत सिंह देवोल व उनकी टीम ने समूह गतिविधियों और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। इस दौरान कार्यस्थल पर प्रभावी संवाद, नैतिक मूल्य, सकारात्मक सोच, भावनात्मक नियंत्रण और तनाव प्रबंधन तकनीकों से अधिकारियों को अवगत कराया गया।
दैनिक कार्यशैली में ज्ञान का करें उपयोग: आईजी
समापन अवसर पर आईजी अजय कुमार यादव ने सभी संभागियों से उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण में सीखे गए कौशल और व्यावहारिक तकनीकों का उपयोग वे अपनी दैनिक कार्यप्रणाली में करेंगे। प्रशिक्षणार्थियों ने भी इस आयोजन को अत्यधिक उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संतुलित निर्णय लेने में मदद मिलेगी।

