मोहारा फिल्टर प्लांट का औचक निरीक्षण : महापौर ने तेजस कंपनी संचालक को लगाई फटकार, जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने दिए कड़े निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव ने बुधवार सुबह आयुक्त जी.आर. मरकाम और निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा के साथ मोहारा स्थित जल संयंत्र गृह का औचक निरीक्षण किया। पेयजल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लेते हुए महापौर ने सी.एम.सी. तेजस कंपनी के संचालक को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट कहा कि पेयजल जैसे अति आवश्यक व संवेदनशील मामले में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कंपनी को प्लांट का सुचारू और नियम-शर्तों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने जल विभाग के अधिकारियों से चालू मोटर पंपों, क्लोरीन तथा एलम (फिटकिरी) के स्टॉक की विस्तृत जानकारी ली। कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके ने बताया कि प्लांट के कुल 18 पंपों में से 6 पंप पूरी तरह खराब हो चुके हैं, जबकि 12 में से 7 पंप वर्तमान में चालू स्थिति में हैं और 5 पंप मरम्मत में हैं। 10 एम.एल.डी, 17 एम.एल.डी तथा 27 एम.एल.डी प्लांट के माध्यम से शहर में पेयजल आपूर्ति जारी है। उन्होंने बताया कि 150 एच.पी. के दो नए मोटर पंप खरीदने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जो एक सप्ताह के भीतर प्लांट में स्थापित कर दिए जाएंगे। वहीं, 17 एम.एल.डी प्लांट में हुए क्लोरीन रिसाव को दुरुस्त कर लिया गया है।

पर्याप्त स्टॉक और नई निविदा के निर्देश

महापौर यादव ने तकनीकी अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक रसायनों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखें और विभागीय अधिकारी रोजाना मॉनिटरिंग करें। उन्होंने नए आ रहे 2 मोटर पंपों को तत्काल स्थापित करने और 2 अन्य पंपों की खरीदी के लिए शीघ्र निविदा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई: आयुक्त

निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने कहा कि बारिश के दिनों में एलम और ब्लीचिंग पाउडर की खपत बढ़ जाती है, इसलिए इनका अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्लांट संचालक नितिन पाटिल को चेतावनी देते हुए कहा कि व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जल विभाग प्रभारी सुनील साहू, शिक्षा विभाग प्रभारी आलोक श्रोती, कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल, कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, प्र. सहायक अभियंता गरिमा वर्मा, उप अभियंता अनूप पांडे सहित निगम और कंपनी के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :