राजनांदगांव। चौकी चिखली पुलिस ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को घटना के महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तीन नग चाकू और एक मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं व आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 अगस्त को प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुधीर नायडू, शेरा कश्यप, रोहित देवार और लक्ष्मण यादव ने पुरानी रंजिश या विवाद को लेकर एक राय होकर जान से मारने की नियत से हाथ-मुक्कों और चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी के सिर, पीठ, कमर और कूल्हे पर गंभीर चोटें आईं। रिपोर्ट पर चिखली चौकी पुलिस ने धारा 296, 109(1), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया।
बागतराई से घेराबंदी कर पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चिखली पुलिस की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्काल पतासाजी करते हुए बागतराई के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी:
सुधीर नायडू उर्फ अन्ना (20 वर्ष), निवासी दीनदयाल कॉलोनी अटल आवास, चिखली
रोहित देवार (19 वर्ष), निवासी दीनदयाल कॉलोनी अटल आवास, चिखली
लक्ष्मण यादव (19 वर्ष), निवासी दीनदयाल कॉलोनी अटल आवास, चिखली
शेरा कश्यप (30 वर्ष), निवासी दीनदयाल कॉलोनी अटल आवास, चिखली
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इस पूरी त्वरित कार्रवाई में चिखली चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, सउनि शत्रुहन टंडन, प्र.आर. अरुण कुमार नेताम, म.प्र.आर. वंदना पटले, आरक्षक सुनील बैरागी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, आदित्य सोलंकी, टीकराम ध्रुव, नेम सिंह और जितेंद्र कश्यप की सराहनीय भूमिका रही।

