जीई रोड फ्लाई ओव्हर के नीचे गंदगी फैलाना पड़ा भारी, 5 होटल व ठेला संचालकों पर लगा जुर्माना

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर निगम सीमा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और सुचारू रखने के लिए महापौर मधुसूदन यादव एवं निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम लगातार विभिन्न वार्डों और व्यावसायिक क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को जी.ई. रोड स्थित पुराना बस स्टैंड चौक फ्लाई ओव्हर के नीचे गंदगी फैलाने वाले होटल एवं ठेला संचालकों पर निगम के स्वास्थ्य अमले ने कड़ी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला और सख्त चेतावनी दी।

आयुक्त जी.आर. मरकाम के निर्देशों पर निकले स्वास्थ्य विभाग के अमले ने निरीक्षण के दौरान पाया कि पुराना बस स्टैंड चौक पर फ्लाई ओव्हर के नीचे कुछ ठेले एवं दुकान संचालक खुले में कचरा फेंक रहे थे, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ ही अस्वच्छता फैल रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए बागेश्वर डोसा ठेला से 300 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं सोनू हेयर कटिंग, अग्नू निषाद मोटरसाइकिल रिपेयरिंग, धनाराम साहू ठेला तथा रमेश साहू इडली ठेला संचालक से 200-200 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।

चालान काटने के साथ ही अधिकारियों ने सभी व्यापारियों को अपने दुकानों व ठेलों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरा डस्टबिन में डालने और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करने की सख्त समझाइश दी।

शहर की छवि न हो खराब: आयुक्त
निगम आयुक्त मरकाम ने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि जी.ई. रोड मुख्य मार्ग है, जहाँ से प्रतिदिन हजारों स्थानीय नागरिकों के अलावा बाहरी यात्रियों का भी आवागमन होता है। यह मार्ग शहर की छवि को प्रदर्शित करता है। इसलिए इस मार्ग पर नालियों की सफाई, सड़कों के किनारे से अतिक्रमण हटाने और फ्लाई ओव्हर के नीचे स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार चेतावनी के बाद भी गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :