राजनांदगांव। श्रावण माह के प्रथम सोमवार पर राजनांदगांव शहर भगवान शिव की भक्ति में डूबा नजर आया। सिंघोला स्थित श्री महाकाल मंदिर में तड़के भव्य भस्म आरती और श्रृंगार आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद श्री महाकाल सेना के सान्निध्य में बाबा चंद्रमौलेश्वर महाकाल की भव्य पालकी यात्रा नगर में धूमधाम से निकाली गई।
पालकी यात्रा के दौरान पूरा नगर “हर-हर महादेव”, “जय श्री महाकाल” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में शिवभक्त, महिलाएं, युवा और बच्चे पालकी यात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालु भक्ति गीतों और शिव भजनों पर झूमते हुए बाबा महाकाल की पालकी के साथ चलते रहे।
तड़के 2:30 बजे हुई भस्म आरती
श्रावण के प्रथम सोमवार पर सिंघोला महाकाल मंदिर में सुबह 2:30 बजे भगवान महाकाल की विशेष भस्म आरती की गई। इसके बाद सुबह 4:30 बजे बाबा महाकाल का आकर्षक श्रृंगार कर श्रृंगार आरती संपन्न हुई। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर को फूलों, विद्युत झालरों और धार्मिक प्रतीकों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। आरती के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के जयकारे लगाए।
दोपहर 3 बजे निकली भव्य पालकी यात्रा
दोपहर करीब 3 बजे बाबा चंद्रमौलेश्वर महाकाल की पालकी यात्रा हाट बाजार से प्रारंभ हुई। यात्रा कुआं चौक, नंदई चौक, इंदिरा नगर, बाजपाई पारा, दुर्गा चौक, गांधी चौक, महाकाल चौक, आजाद चौक, गुड़ाखू लाइन, गोल बाजार और सत्यनारायण मंदिर होते हुए लक्ष्मी मंदिर पहुंची, जहां यात्रा का भव्य समापन किया गया।
पालकी यात्रा के आगे श्रद्धालु ध्वज और धार्मिक पताकाएं लेकर चल रहे थे। डीजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों पर भगवान शिव के भजन बजते रहे। यात्रा में शामिल शिवभक्तों ने नृत्य करते हुए बाबा महाकाल के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
नगर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर नागरिकों तथा सामाजिक संगठनों ने बाबा महाकाल की पालकी पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जल, शरबत और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।
पालकी यात्रा को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। लोगों ने बाबा महाकाल की आरती उतारी और पालकी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी हुए शामिल
पालकी यात्रा में नीलू शर्मा, महापौर मधुसूदन यादव, राधेश्याम शर्मा, कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, अशोक पांडे, मणि भास्कर, हेमा देशमुख, जैनम बैद, विजय राय, अरुण साहू, सतीश साहू, हिमांशु गुप्ता, संजय तेजवानी, रूपचंद धीमबानी, राजा माखीजा, चिंटू सोनकर, पारस वर्मा, संजू बघेल, सावन वर्मा, राकेश यादव, लक्ष्मण लोहिया, आशीष गुप्ता, शरद सिन्हा, जितेंद्र शर्मा, गोलू गुप्ता, आलोक बिंदल और मनीष खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के सदस्य भी पालकी यात्रा में शामिल हुए। दुर्ग, रायपुर, बालोद, महाराष्ट्र सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन और पालकी यात्रा में सहभागिता करने पहुंचे।
शिवमय हुआ पूरा नगर
श्री महाकाल सेना और महाकाल मंदिर सिंघोला के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने पूरे मार्ग पर व्यवस्था संभाली।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पालकी यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव के प्रति आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। श्रावण के प्रथम सोमवार पर निकली इस भव्य पालकी यात्रा ने पूरे राजनांदगांव नगर को शिवमय कर दिया।
हर-हर महादेव के जयघोष के साथ समापन
लक्ष्मी मंदिर पहुंचने के बाद बाबा महाकाल की विशेष आरती की गई। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ पालकी यात्रा का समापन हुआ। आयोजन समिति ने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं, नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों और सहयोगी संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

