राजनांदगांव। शहर की चरमराती सफाई व्यवस्था की ग्राउंड रिपोर्ट जानने शनिवार को महापौर मधुसूदन यादव अचानक वार्ड क्रमांक 15 (बीएनसी मिल कॉलोनी) पहुंच गए। उनके साथ वार्ड पार्षद प्रमोद झंझाड़े भी मौजूद थे। महापौर ने गली-मोहल्लों का पैदल दौरा किया और स्थानीय लोगों से सीधे रूबरू हुए। इस दौरान जय हनुमान व्यायाम शाला के पास स्थित कुएं की बदहाली और बंद पड़े सबमर्सिबल पंप की गंभीर समस्या सामने आई। महापौर ने मौके पर ही मौजूद सब-इंजीनियर तिलकराज ध्रुव को आड़े हाथों लेते हुए तत्काल कुएं की सफाई कराने और पंप को 24 घंटे के भीतर ठीक कराने का अल्टीमेटम दिया।
गंदगी फैलाने वालों पर होगी सीधी एफआईआर
व्यायाम शाला के संचालक आशु सिंह और स्थानीय नागरिकों ने महापौर को बताया कि इस कुएं के पानी से पूरा इलाका प्यास बुझाता है। व्यायाम शाला के अलावा एसएलआरएम सेंटर और आसपास के रहवासी इसी पर निर्भर हैं, लेकिन कुछ लोग इसमें कचरा फेंककर गंदगी फैला रहे हैं। पंप भी लंबे समय से खराब है। इस पर महापौर ने सख्त लहजे में कहा कि केवल सफाई से काम नहीं चलेगा, जो लोग सार्वजनिक कुएं में कचरा डालते हैं, उन्हें चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
जर्जर कन्हारपुरी स्कूल पहुंचे महापौर : टॉयलेट की बदहाली पर अफसरों को लगाई फटकार
मिल कॉलोनी के बाद महापौर का काफिला सीधे शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कन्हारपुरी पहुंचा। स्कूल की इमारत पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और टॉयलेट की स्थिति बदतर है। इसे देखते हुए महापौर ने अफसरों पर नाराजगी जाहिर की और तुरंत शौचालय की मरम्मत शुरू कराने के निर्देश दिए।
नया स्कूल भवन हमारी प्राथमिकता : यादव
शिक्षकों और प्राचार्या श्रीमती संगीता खोब्रागडे से चर्चा करते हुए महापौर ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। मौजूदा बिल्डिंग की रिपेयरिंग तुरंत होगी और शासन स्तर पर नए सर्वसुविधायुक्त स्कूल भवन के निर्माण की मंजूरी के लिए वे खुद पहल करेंगे।
मुस्कुराए नौनिहाल : बच्चों को बांटी ज्ञान की धरोहर
स्कूल में शाला प्रवेशोत्सव का माहौल था। महापौर मधुसूदन यादव ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें कॉपियां और पाठ्य सामग्रियां बांटी। उन्होंने बच्चों के सिर पर हाथ रखकर कहा, “बेटा, खूब मन लगाकर पढ़ो, अच्छे नंबर लाओ और अपने माता-पिता के साथ इस स्कूल का नाम रोशन करो।”
मौके पर यह रही टीम:
इस औचक निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि युवराज सिंह, पूर्व पार्षद महेश साहू, किशोर साहू, लोकराम साहू, सीताराम श्रीवास, सोहन साहू सहित स्कूल का स्टाफ और निगम का अमला मौजूद रहा।

